Sunday, October 2, 2016

हमसफ़र

"अम्मी क्यों ? आप खामा खा इतनी परेशान होती है। हो जाएगी मेरी शादी आप टेंशन न ले...। "अरे बेटी क्यों न लूँ टेंशन तेरी उम्र  की सब लडकियाँ अपने घर-बार की हो गई है। ओर बेटी  मैं तो माँ हूँ। मुझे फ़िक्र होती है। अल्लाह करे कल तुम उन्हें पसन्द आ जाए तो मैं शुकर की नमाज़ पढूंगी।" जैनब ने लंबी सांस लेते हुए कहा।
"बहुत मज़ा आता है आप को मेरी नुमाइश लगाते हुए।" उसने गुस्से से कहा।
"नुमाइश कैसी पगली ये तो रिवाज़ है और अच्छा ही तो है मिलकर पहले ही सारे मामले तय हो जाये बाद में कोई परेशानी नही होती है।"
"तो लगाती रहिये हर आठवे दिन मेरी नुमाइश जानवरो की तरह, कोई पूछेगी जरा चलके दिखाना ?  कोई बोलेगी,बाल खुले रखती हो या चोटी बनाती हो बेटी ? कमीनी सीधे ही पूछ ले बाल कितने लम्बे है। ऊपर से खाने पीने की चीज़ों पर नदीदो की तरह ऐसे टूटते है मानो कई दिन के भूखे है।" 
"बेटा ये सब करना पड़ता है और अब तुम इतनी भी जाहिल ना बनो।" 
"पर अम्मी आप को पता है इन रोज़-रोज़ के चक्करो में पूरे महीने का बजट गड़बड़ा जाता है। अब्बू की मुक्तसर तनख्वाह है। और पुरे महीने मैं देखती हूँ आप कैसे हलकान होती है एक-एक चीज़ के लिए...... ।" "रिदा गलत बात है बेटा ऐसे नाशुक्री नही भेजते अल्लाह का शुकर है दो वक़्त अच्छी रोटी खाते है।" 
"हाँ पता है मुझे, सब कुछ होने के बाद बात दहेज़ पर आ जाती है " उसने गुस्से से मुंह बनाते हुए कहा।
"अच्छा अपना ज्यादा खून न जला सब लोग बुरे नही होते अच्छे लोग भी दुनिया में है बेटा जो दहेज़ को तवज्जो नही देते।
 "ये जिन्हें आप अच्छे लोग कहती है न बस किस्से कहानियो में  ही मिलते है" 
"अच्छा बस अब ख़त्म कर अपनी ये बेहुदा तक़रीर,शकीला बोल रही थी के वे लोग सुबह जल्दी आएंगे। जाकर कुछ तैयारी कर ले और घर की साफ़-सफाई भी अच्छे से कर लेना।"
"ये शकीला खाला तो किसी दिन मरेगी मेरे हाथ से। ये ही लाती है रोज़-रोज़ नये रिश्ते, चटोरी कही की।"  "तौबा है रिदा शर्म करो बड़ी है वो तुम्हारी,जाओ अब यहाँ से जो मुंह में आता है बके जाती है।"

मुस्तकीम मियां डाकघर में बाबू  है। रिदा, सदफ फिर अली और आलम दो लड़की और दो लड़के चार औलाद है सब पढाई में मसरूफ है। रिदा सबसे बड़ी है अभी बी ए से फारिग हुई है और जैनब को उसकी शादी की फिक्र हो गई वैसे भी लोअर मिडिल क्लास में लड़कियों की शादी हमेशा से बड़ा मशलाह होता है। रिदा जॉब करना चाहती थी पर अम्मी को उसकी शादी की जिद्द है।  इसीलिये आये दिन कोई न कोई रिश्ता आता ही रहता है। और रिदा इन सब से परेशान हो जाती है।

"बाज़ी हमे आप की लड़की माशाल्लाह बहुत पसन्द है। एक मोटी सी खातून जो लड़के की माँ थी उसने समोसे को चटनी में डुबकी लगवाते हुए कहा।  "कमीनी तेरे से दस साल छोटी होगी मेरी अम्मी आयी कही से बाजी.......कहने वाली।" रिदा ने दिल ही दिल में दांत पीसते हुए कहा। "देखिये बाजी बस अच्छी शक्लो सूरत से तो घर नही चलता और भी बहुत कुछ  होता है जैसे खाना बनाना,कपडे धुलना सिलाई कढ़ाई वगैरह ये सब तो कर लेती हो न बेटा? अम्मी से मुखातिब होते हुए एक दूसरी खातून (जो लड़के की फुफ्फ़ो थी) ने मुझसे सवाल किया। "दिल तो किया बोल दूँ की बहु ढूंढ रही हो या नोकरानी पर अम्मी की आँखों ही आँखों में धमकी देख कर मैंने हाँ में गर्दन हिला दी।" "माशाल्लाह बहुत खूब मुझे अपने राहिल के लिए ऐसी ही बीवी चाहिए थी। बाजी हमारी तरफ से रिश्ता पक्का समझो बाकि अब आप के हाथ में है।" मोटी ने काजू कतली पर हाथ साफ़ करते हुए कहा।

"और राबिया माशाल्लाह हमारी रिदा ने बी.ए. भी किया है।" शकीला खाला जो अब-तक बस कोल्डड्रिंक और बाकि खाने की चीज़ों में ही मसरूफ थी पहली बार बोली और मुझे उनकी ये बात अच्छी लगी चलो कुछ तो ढंग की बात की इन्होंने मेरे बारे में। "देखिये जी हमे नौकरी तो करानी नही पढ़ी लिखी है सही है  पर अनपढ़ भी होती तो हमे कोई फर्क नही पड़ता हमे तो बस एक सलीकेमन्द बहु चाहिए। मोटी जिसका नाम अभी-अभी मुझे पता लगा कि राबिया है ने एक ही सांस में कोलड्रिंक के गिलास को गटकते हुए कहा।"
"दिल तो किया की मोटी के बाल नोच लू पर तहज़ीब और तरबियत आड़े आ गई।" अम्मी तो जैसे निहाल ही हुई जा रही थी उनकी तो दिली मुराद पूरी हो रही थी। "जी बहुत शुक्रिया आप ने हमारी बेटी को अपने घर की बहु बनने के काबिल समझा पर अगर सब कुछ तय करने से पहले लेन- देन की बात भी कर ले तो मैं समझती हूँ बेहतर रहेगा। वैसे तो अल्लाह के करम से हम से जो बन सकेगा हम देंगे पर फिर भी अगर आप की कोई ख्वाईश हो तो बताइये।" अम्मी ने मसनवी अपनी तरफ से दहेज़ की बात की। "देखिये बाज़ी हमारा राहिल माशाल्लाह बैंक में मैनेजर है। और हमारे घर में किसी भी चीज़ की कमी नही बस हमे तो आप की बेटी चाहिए बाकि जो भी आप अपनी बेटी और दामाद को देना चाहे हमे कोई मसला नही। " मुझे तो लगा था कि मोटी जरूर लंबी सी लिस्ट बना कर लायी होगी पर उसकी बात सुनकर मुझे यकीन नही हुआ और खुद अपनी सोच पर नदामत भी हुई।  क़ि मैं खामा खा इनके बारे में अनाप सनाप सोचे जा रही थी "
"अच्छा तो ठीक है अब आप लोग मशवरा कर के हमे खबर कर दीजियेगा  मेरी होने वाली सास ने बड़ी मुहब्बत से मेरे सिर पर हाथ रखते हुए कहा। और बस अब इज़ाज़त दीजिये। अरे बातो-बातो में, मैं तो भूल ही गई अगर आप को ऐतराज़ न हो तो क्या में बच्ची की एक फोटो खींच लू ? "जी.......  जी क्यों नही" अम्मी से पहले शकीला खाला बोल पड़ी और उसने खटाक से मेरी फोटो अपने फोन में कैद कर ली।

अब्बू और चाचू ने लड़के और उसके घर वालो के बारे में काफी तहकीकात की और सब कुछ पसंद आने पर एक महीने बाद की शादी तय कर दी।  अब्बू ने कुछ अपने फण्ड और कुछ क़र्ज़ लेकर शादी की तैयारी शुरू कर दी लड़के वालो की तरफ से बस एक मांग थी कि शादी किसी अच्छे से मेर्रिज हाल में हो और खाने का इंतज़ाम भी अच्छा हो जो की कोई बड़ा मशला नही था। अम्मी और अब्बू ने अपनी हैसियत से बढ़ कर सब तैयारी की थी और वो मुतमईन थे कि चलो सब अच्छे से निपट जायेगा। पर अगर सब कुछ इतना आसान हो तो ज़िन्दगी इतनी मुश्किल न हो।

शादी से तीन  दिन पहले शकील खाला एक तूफ़ान लेकर आई  लड़के वालो ने कहलवाया था कि उन्हें कार चाहिए थी दहेज में। इस खबर ने हम सब के होश उडा दिए खुशी का माहौल पल में मातम में बदल गया। अब्बू की हालत बहुत बुरी थी जो कुछ था सब पहले ही खर्च कर दिया और अब जबकि शादी में तीन दिन बचे थे ये नामुमकिन सी मांग कैसे पूरी करेंगे। चाचू और अब्बू ने लड़के वालो से बात की पर उनका कहना था कि  उनका लड़का इतना काबिल है और समाज में उनकी काफी इज़्ज़त भी है अगर दहेज़ में कार  नही मिली तो उनकी क्या इज़्ज़त रह जाएगी। अब्बू ने काफी मिन्नतें की पर उन्होंने दो टूक लहजे में जवाब दे दिया कि अगर कार नही मिली तो वें बारात नही लाएंगे। बिरादरी में शादी के कार्ड बट चुके थे वक़्त पर बारात नही आई तो हमारी तो इज़्ज़त की धज्जिया  उड़ जाएँगी। अब्बू और अम्मी ये सोच सोच कर मरे जा रहे थे।

मेरी हालत ऐसी थी के काटो तो खून नही अब्बू और चाचू ने काफी भाग दौड़ की पर कुछ न हो सका आखिर थक हार कर घर को बेचने का फैसला किया गया। ये बात सुनकर मेरा मारने का दिल किया आज समझ में आया की लडकिया क्यों बोझ होती है क्यों उनकी पैदाइश पर लोग मातम करते है। मैंने अम्मी को साफ़ मना कर दिया।
"अम्मी मैं ये शादी नही करूँगी। मैं अपना घर बसाने के लिए अपने घर वालो के सिर से छत नही छीन सकती "
"पागल मत बनो रिदा अब्बू कुछ न कुछ  कर लेंगे बेटी।" "क्या कर लेंगे खुद को बेच देंगे।" आंसुओ का सेलाब था के रुकने का नाम ही नही ले रहा था।  फोन पर किये गए राहिल के बड़े बड़े वादे प्यार वफ़ा की बात सब तीर बनके दिल में चुभ रहे थे। "अम्मी में राहिल से बात करूँगी अभी " "पर.......  रिदा इस वक़्त.......  इतनी रात को और क्या बात करोगी बेटी तुम ? नही तुम परेशान न हो बेटी अल्लाह सब ठीक कर देगा अब्बू और चाचू लगे हुए है कुछ न कुछ हल जरूर निकल आयेगा।" "नही मुझे बात करनी है "  और राहिल का नंबर मिला दिया।  दूसरी  तरफ से कोई फ़ोन नही उठा रहा था उसने दोबारा ट्राई किया।
 हेल्लो.......  कौन....... रिदा तुम  क्या बात है इतनी रात को सब खैरियत "
"मुझे आप से शादी नही करनी आप बरात लेकर न आये हमारे यहाँ "
"यार ये कोई वक़्त है मज़ाक का हद करती हो तुम भी "
"मैं मज़ाक नही कर रही राहिल "
"क्या हुआ प्लीज मुझे बताओ तो सही क्यों ऐसी बहकी -बहकी बाते  कर रही हो। "
"अच्छा मैं बहकी बाते कर रही  हूँ और आपने क्या किया अगर कार मुझसे ज्यादा प्यारी थी तो पहले बताते ऐसे हमे दुनिया में जलील करने की क्या जरूरत थी। "
"कैसी कार क्या बोले जा रही हो  "
"ज्यादा भोले न बनिए आप को पता है मैं क्या बात कर रही हूँ।  वो ही कार जो अगर आप को हमने दहेज़ में न दी तो आप बारात नही लाएंगे।  जिसके लिए मेरे अब्बू हमारा घर बेच रहे है। " आँसुओ  के साथ सिसकी निकल गई। दूसरी तरफ सन्नाटा पसर गया। "तो बराए करम आप बारात न लाये। मुझे नही करनी आप से शादी" उसने मुश्किल से सिसकीयां रोकते हुए कहा।  दूसरी तरफ अब भी सन्नाटा था कोई जवाब नही और टू........ टू  की आवाज़ के साथ फ़ोन कट गया।


"अम्मी दहेज़ में कार की डिमांड आप ने की "
"क्या हुआ राहिल बेटा ?"
"अम्मी हाँ या ना में जवाब दीजिये आपने दहेज़ में कार की मांग की है या नही ? "
"हाँ की है और वें राजी भी है बेटा देने के लिए " राबिया बेगम ने खुश दिली से जवाब दिया।
"हाँ बहुत खुश है और इसी ख़ुशी में अपना घर बेच रहे है" उसने तन्ज़िया लहज़े में कहा।
"अम्मी क्या कमी है हमारे पास क्यों आपने उनसे कार की मांग की ?"
"बेटा तुम काबिल हो आला तालीम हो समाज में इज़्ज़त है तुम्हारी और हमने तुम्हारी परवरिश में कोई कमी भी तो नही की इस लिहाज़ से हमारे भी कुछ अरमान है "
"तो वो अरमान आप मुझसे पूरे कीजिये यूं  मेरा सौदा करके नही,आपने मुझे तालीम दी मुझे काबिल बनाया इसमें रिदा की फॅमिली का क्या फायदा सब के माँ बाप अपने बच्चो के लिए ये सब करते है। आप ने क्या नया किया अम्मी आप मुझे बोलो आप को क्या चाहिए, मैं आप को वो सब ला कर दूंगा ऐसे दहेज़ मांग कर आप किसी को मज़बूर नही कर सकती।"
"राहिल समझने की कोशिश करो बेटा समाज में हमारी इज़्ज़त है लोग क्या कहेंगे तुम्हारे दोस्त क्या बोलेंगे की राहिल को ससुराल से कुछ नही मिला। "
"अम्मी मुझे लोगो की परवाह नही वो क्या कहते है आप अभी रिदा के घर फोन करके उन्हें कहे की हमे कुछ नही चाहिए "
"मैं ऐसा नही करूँगी। और तुम्हे उनकी इतनी फिक्र है मेरे जज़्बातो की मेरी इज़्ज़त की मेरे अरमानो की कोई कदर नही राहिल "
अम्मी बात इज़्ज़त की नही इंसानियत की है आप ऐसे मुझे जज़्बाती होकर ब्लैकमेल न करे। और प्लीज इस तरह की बाते करके आप मुझे मेरी नज़रो में गिरा रही है। मुझे कार या दहेज़ नही एक हमसफ़र चाहिए जो मेरे दुःख सुख में मेरे अच्छे बुरे में मेरा साथ निभाए जो मेरी इज़्ज़त करे मेरे माँ बाप का अहतराम करे नाकि की किसी के अरमानो और मज़बूरी के सौदे में मिली कोई अदना सी चीज़। अगर आप ये काम नही कर सकती तो में खुद उन्हें फोन करता हूँ।"
"मुझे ये हरगिज़ मंज़ूर नही और अगर तुमने ऐसा किया तो मैं तुम्हारी शादी में शामिल नही हूँगी।  राबिया बेगम ने आखरी दांव चला "
"ठीक है जैसी आप की मर्ज़ी। " और राहिल ने फोन मिला दिया
"हेल्लो........ अस्सलाम वालेकुम मुस्तकीम अंकल में राहिल बोल रहा हूँ। आप बिलकुल फ़िक्र न करे हम टाइम से बारात लेकर आयेंगे और हमे कार या किसी भी चीज़ की कोई जरूररत नही बस आप शादी की तैयारी करे अल्लाह हाफिज।" और राबिया बेटे का मुंह ताकती रह गई।

Friday, September 2, 2016

पागल

"जज साहब....मेरे चारो तरफ गिद्ध थे। जो मेरे जिस्म को नोंच रहे थे।"
"अच्छा...तो वो गिद्ध थे। तुम्हे सही से याद है ना...?"
"जी....नही गिद्ध नही, गिद्ध तो मुर्दो को नोचते है। और मैं तो ज़िंदा हूँ। वें तो बाज़ थे। जो मुझे अपनी तेज़ निकुली चोंच से नोच रहे थे।"
"पक्का बाज़ ही थे ना...?" उन्होंने घूरते हुए पूछा।
"नही-नही बाज़ भी नही,बाज़ तो आसमान में उड़कर शिकार करते है। और वें तो खुली सड़क पर मुझे नोच रहे थे। लगता है वें आवारा कुत्ते थे। जो मुझे चाट भी रहे थे और पंजो से नोच भी रहे थे।"
"अरे...... सही से,आराम से सोच कर बताओ डरो नही।" उन्होंने अपनी मुस्कुराहट को दबाते हुए कहा।
अदालत में बैठे लोगो में भी खुसर-फुसर होने लगी।
"ओह ! रुकिए। वें कुत्ते भी नही थे। कुत्ते होते तो भौंकते जरूर । पर वें तो चुप थे।" उसने सोचते हुए कहा।
"पक्का वें शेर या चीते थे। जो इतनी बेरहमी से मुझे झंझोड़ रहे थे। पर शेर या चीते तो झुण्ड में शिकार नही करते है। और वें तो बहुत सारे थे। वें शायद.............???
"रुको, रुको.....एक मिनट रुको जरा। तुम पागल हो या अंधी हो, ये क्या तुमने कुत्ता,शेर ,बाज़,गिद्ध लगा रखा है इतनी देर से,क्यों जानवरो और पक्षियों को ज़लील और शर्मिंदा कर रही हो। आँखे खोल कर ध्यान से देखो क्या वें इनके जैसे ही इंसान नही थे। जो यहाँ बैठे है। और जब तुम बचाओ... बचाओ चिल्ला रही थी। क्या ये सब वहां खड़े तमाशा नही देख रहे  थे..? ध्यान से देखो।" एक बंदर जो काफी देर से अदालत की करवाई देख और सुन रहा था। उसने चिल्ला कर कहा।
"अरे हाँ वें तो इंसान थे। मैं भी कितनी बड़ी उल्लू हूँ समझ ही नही पाई सॉरी जी....." औरत ने एकदम से जोश में चिल्लाते हुए कहा।
"फिर तुमने उल्लू कहाँ......? तुम भी इंसान ही हो उल्लू नही समझी।" बंदर ने गुस्से से कहा।
"सॉरी, औरत हूँ ना, तो भूल जाती हूँ। कि मैं भी इंसान ही हूँ। माफ़ कर दो, गलती भी तो इंसान से ही होती है।" उसने बंदर की तरफ हाथ जोड़ कर कहा।
"हां जज साहब वें इंसान ही थे जो मेरे जिस्म को जानवरो की तरह नोच रहे थे।" औरत ने इस बार बड़े आत्मविश्वास से कहा।
इस बात पर बंदर दांत पीसकर रह गया। पर बोला कुछ नही।
"क्या तुम उनका चेहरा पहचान सकती हो...? जज साहब ने पूछा।
 
"साहब देखने में तो आप की ही तरह लगते थे।"
"कोई और पहचान बताओ मेरी तरह से क्या मतलब है..?"
"मतलब ये हुजूर... कि आप ही तरह दो आँखे, दो कान, दो हाथ, दो पैर और बाल भी आप ही के जैसे काले थे। औरत ने जज साहब को बड़े ध्यान से देखते हुए कहा।"
"साहब ये औरत पागल है। देखा नही कैसे एक बन्दर के बहकावे में आ गई।" एक संतरी जो जज साहब के पास खड़ा था। उसने धीरे से जज के कान में कहा।
"ह्म्म्म...." जज साहब ने गहरी सांस ली।
"क्या तुम पागल हो गई हो वो मेरी तरह कैसे हो सकते है। मैं तो जज हूँ।" जज साहब ने थोड़ा सकपकाते हुए औरत से कहा।
"पर हो तो इंसान ही और इंसान से तो गलतियां हो ही जाती है साहब..." औरत ने बंदर की तरफ देखते हुए कहा।
"लगता है। इसका दिमाग़ी संतुलन सही नही है। ये औरत पागल है। इसे पागल खाने में ले जाओ। और इस बंदर को भी पकड़ कर जंगल में छोड़ आओ।" जज साहब ने अपना फ़ैसला सुनाते हुए कहा।और अपना काला चोगा संभालते हुए अदालत से बहार निकल गये।
औरत चिल्लाती रही "नही...... मैं पागल नही हूँ नही.... मैं पागल नही हूँ......।
"अरे...क्या हुआ..आँखे खोलो बेटी.. क्या हुआ..?  क्यों पागल नही हो पागल नही हो चिल्ला रही हो कोई सपना देखा है क्या ?"
अम्मी मुझे झंझोड़ रही थी। और मैं आँखे मथते हुए बदहवास सी इधर-उधर देख रही थी।
"जी अम्मी आज फिर वो ही अदालत वाला सपना देखा है। मैंने।"
"जिसमें बन्दर भी बोलते है...?
"जी..."
"तुम भी ना जोया, हद करती हो। सपनो से ही डर जाती हो। और सोचो बंदर भी कही ऐसे बोलते और गवाही देते है भला।" अम्मी ने हँसते हुए कहा। "अच्छा अब उठो, जल्दी से तैयार हो जाओ कॉलेज के लिए देर हो जायेगी वरना। पागल..." अम्मी मुस्कुराती हुए कमरे से बहार चली गई।


Wednesday, August 31, 2016

है कौन वो ?

है कौन वो ........ दिल जलाएं फिरता है जिसकी याद में, ये जुगनू रात भर,
जिसकी तड़प में तितलियाँ मचलती रहती है इधर से उधर।

है कौन वो जो कर देता है खुद से ही बेगाना,
है कौन वो जो देता है इस तरह के ख्यालों को पर।

कौन है जो लगाता है नीदों पे पेहरा मेरी,
है कौन वो जिसकी यादें कर देती है पलको को आँसूओ से तर।

कभी मैं आसमां में उड़ता फिरूँ, कभी जमी से लिपट कर तड़पा करूँ, 
है कौन वो जो मुझमें समाया रहता है इस कदर।

हवा उसकी ही खुश्बू लाती है, धड़कने उसके ही गीत गाती है,
है कौन वो जो हर शय में मुझको अब आता है नज़र।

ये घर के लोग,ये शहर,ये आइने में मेरा वज़ूद सब अज़नबी से लगते है आजकल,
है कौन वो जिसने कर दिया खुद से ही मुझको बे ख़बर।

रास्तो से पूछा, हवा से पूछा, उड़ते परिंदों, बहते पानी से भी मैं पूछता फिरूँ,
है कौन वो जिसका पता कहीं भी मिलता ही नही मगर।

रात चाँद भी सुनकर मेरी पुकार छुप गया बदलो में, ऐ खुदा तू ही आसरा दे अब,
है कौन वो जिसकी ख़ातिर हर दर पे जाके पटकता हूँ मैं सर।

अब तो रास्ते भी चिढ़ने लगे है मुझसे, मंज़िले भी कहती है भटक गया है तू,
है कौन वो जिसकी ख़ातिर बन गया मैं "मुसाफ़िर" छूट गया है घर।

है कौन वो, है कौन  वो.........  


Sunday, August 21, 2016

सृष्टि की अनमोल रचना

झरोंको से झांकती धूप जब तेरे चेहरे को छूती है,
तुम सूरज बन जाती हो ।
आंगन में जब खिले फूलो के बीच जाती हो ,
तुम चंचल तितली बन जाती हो।
जब जब लहराता है रेशमी अंचल तेरा,
तुम पुरवाइयाँ बन जाती हो।
ये स्याह ज़ुल्फे करती है जब चेहरे से अठखेलियाँ, ये भौंरा ,
तुम खिलता कमल बन जाती हो।
शब्द जब जब तेरे होंठो को छूकर बरसते है।
तुम मीर की रुबाई,ग़ालिब की ग़ज़ल बन जाती हो।
काजल भरी नज़रो से यूँ तेरा जी भर कर ताकना,
तुम सच में कातिल बन जाती हो।
जब लगाती हो बेबाक ठहाके सब कुछ भुलाकर,
तुम मेरी पूरी दुनिया बन जाती हो।
नन्हे कदमो के पीछे मधम-मधम जब दौड़ लगाती हो ,
तुम सृष्टि की सबसे अनमोल रचना ममता बन जाती हो।

Wednesday, August 3, 2016

आखिरी मौका

"अपने इन मासूम बच्चों का सोचो ......... क्या होगा इनका तुम्हारे बाद ?" पड़ोस वाली मीणा आंटी ने बड़े प्यार से पास खड़े दोनों बच्चों के सिर पर हाथ फेरते हुए कहा।
"अपने परिवार का सोचो , माँ पर क्या गुजरेगी ,बाप पर क्या बीतेगी बेटी।" पड़ोस वाले रमेश अंकल ने भी पडोसी का हक़ अदा किया।
"हर साल रक्षाबंधन पर अपनी सुनी कलाई देखकर.........  भाई का क्या हाल  होगा। " एक और नवयुवक ने अपनी तरफ से कोशिश की।
"अरे......... अपने पति का सोचो कितनी बदनामी होगी उसकी समाज में लोग कैसी कैसी बातें बनाएंगे।" शर्मा जी ने अपने खादी के कुर्ते का मान रखते हुए रौबदार आवाज़ में समझाया।
"बूढी सास लोगो के ताने कैसे सह पाएंगे।" ये शीतल आंटी थी।
"नीचे आजा बेटी घर में छोटे मोटे झगडे तो होते ही रहते है। जिद छोड़ दे। मैं तेरे आगे हाथ जोड़ती हूँ । " भीड़ में सबसे आगे खडी एक अधेड़ उम्र की स्त्री ने अपने वजूद के विपरीत मरी और घबराई सी आवाज में कहा।
"आप की क्या लगती है ?"
"मैँ इसकी सास हूँ। " स्त्री ने रोनी आवाज में जवाब दिया।
"कोई छत पर जाकर क्यों नहीं उतार लाता?"
भीड़ में से किसी ने कहा। कोशिश की थी,पर दरवाजा अंदर से लॉक है।
"पुलिस को फ़ोन किया।" कर दिया है पर अभी तक नहीं आई।
"अरे.........  सब नाटक है। मरना होता तो घर में पंखे से लटक कर फांसी लगाती या सल्फास खा कर मर जाती।"
"सही कहा बहन मरने वाले इतना तमाशा नहीं करते।"
भीड़ में औरते खुसुर फुसुर कर रही थी।
"अम्मा जी इनके पति,मेरे मतलब है आप का बेटा कहाँ है।" भीड़ में से किसी सज्जन ने पूछा।
"अरे...... वो तो दो दिन से काम के सिलसिले में बहार गया हुआ है।" स्त्री छाती पीटते हुए बोली ।
"आप को इनके घर वालो को फोन करना चाहिए, हो सकता है उनकी ही बात मान जाये।" एक सज्जन ने सलाह दी।
"खबर कर दी है आते ही होंगे।" पास ही खड़े लड़के ने (जो की इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो बना रहा था। ) जवाब दिया।
"ये मरना क्यों चाहती है ?" काफी देर बाद किसी ने सही सवाल उछाला।
सब एक दूसरे का मुहं देखने लगे। "ये बात तो अम्मा ही बता सकती है." मीणा आंटी ने आत्महत्या पर उतारू स्त्री की सास की तरफ इशारा करते हुए कहा।
"मुझे कुछ नहीं पता में तो मंदिर गई  हुई थी हाय हाय........ " अधेड़ ने दहाड़े मार मार कर रोते हुए कहा।
"मुझे तो मामला दहेज़ का लगता है। बुढ़िया झूठ मूट के आँसू  बहा रही है।" एक ने कहा।
"हो सकता है। बहु के अवैध सम्बन्ध हो और बुढ़िया ने रंगे हाथो पकड़ ली हो।" दूसरे ने कहा।
"मियां  हमारे घर नहीं हमे किसी का डर नहीं।" तीसरे ने चुटकी ली।
"अरे कू..... दी."
"रोको। "
"अरे  रोको "
'रुको "
'रुक जाओ ऐसा मत करो।"
आत्महत्या के लिए तीन मंजिले मकान की छत पर चढ़ी स्त्री को कूदता देख भीड़ ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर स्त्री फिर रुक गई और मुंडेर पर बैठ गई।
"ये आखिर चाहती क्या है। अगर मरना ही है तो कूद जाये। मरने से इतना ही डरती है। तो तमाशा ख़त्म करें और नीचे आ जाये।" काफी देर से इस हंगामे को देख रहे। एक सज्जन ने थोड़ा उक्ता कर कहा। उन्हें शायद जल्दी थी इसीलिए इस खेल का अंत जल्द चाहते थे। या तो मरे या नीचे आये।
"पुलिस.......... आ गई ।"
"पुलिस.......... आ गई।"
भीड़ ने पुलिस की गाडी का सायरन सुनकर कौतूहल में शोर मचाया। सब को लगा के शायद अब ये किस्सा जल्दी ही ख़त्म हो जायेगा।

पुलिस की गाडी से तीन लोग बाहर निकले उनमे से दो कॉन्स्टेबल और एक सब इस्पेक्टर था।
"फैमली के लोग सामने आये।" एक पुलिस वाले ने कहा।
"जी मैं इसकी सास हूँ।"
"क्या मामला है,क्यों मरना चाहती है ये ? "
"साहब मुझे कुछ नहीं पता में मंदिर से लौटी तो घर का दरवाजा अंदर से लॉक था। बाद में बाहर शोर सुना तो देखा बहु मरने के लिए छत से कूद रही है। "
"हम्म्म.... इनके पति कहाँ है ?"
"वो तो दो दिन से काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ है।" स्त्री ने जवाब दिया।
"आप नीचे आ जाइये जो भी दिक्कत है। हमे बताइए हम दूर करा देंगे।" इस्पेक्टर ने अपनी टोपी सँभालते हुए छत पर खड़ी स्त्री की तरफ देखते हुए कहा।
"हा हा हा हा ,आप दिक्कत दूर करेंगे हा हा हा " छत पर खड़ी स्त्री ने ठहाके मार मार कर हँसते हुए कहा।
"इसका मानसिक संतुलन तो सही है ?" पुलिस वाले ने पास खड़ी स्त्री से पूछा।
"जी सुबह तक तो सही थी।" बुढ़िया ने पसीना पोछते हुए जवाब दिया।
"घर में किसी बात को लेकर कोई झगड़ा हुआ हो ?"
"नहीं साहब ! ऐसा तो कुछ भी नहीं हुआ।"
"पारुल मेरी बच्ची......... हाय, हाय.......  बेटी...... "
भीड़ को चीरती हुई एक स्त्री जोर जोर से रोती हुई सामने आई।
" बेटी नीचे आजा, अपनी मम्मी की बात नहीं मानेगी बेटी..... पारुल..... " स्त्री बेसुध हुई जा रही थी। ये छत पर मरने के लिए खड़ी स्त्री की माँ थी।
बेटी तुम्हे क्या दुःख है क्या परेशानी है। मुझे बता,मरने से समस्या हल नहीं होती। बेटी मैं तेरा पापा हूँ प्लीज मेरी बात मान जैसा तुम कहोगी ऐसा ही होगा पर नीचे आजा। "
"आप इनके पिता है ? "
"जी इस्पेक्टर साहब "
"देखिये अगर ससुराल की तरफ कोई दहेज़ की मांग या दूसरा मामला है। तो साफ़ साफ़ बताईये। " इंस्पेक्टर ने कहा।
"नहीं-नहीं सर शादी को ४ साल  हो गए ऐसी तो कोई बात नहीं। "
"आप की लड़की का मानसिक बीमारी तो नहीं है ?"
"जी.... जी नहीं बिलकुल नही।" आदमी ने हिचकते हुए जवाब दिया।
"तो फिर आप अपनी लड़की से पूछिए मामला क्या है।" इंस्पेक्टर ने अपनी टोपी सही करते हुए थोड़ा झुंझलाकर कहा।
"आखिर तुम चाहती क्या हो बेटी ? " स्त्री के पिता ने चिल्लाकर पूछा।
"पापा मैं जीना चाहती हूँ।" स्त्री ने हिचकियाँ लेते हुए कहा।
"अरे पागल है क्या,जीना ही चाहती है, तो फिर मरना क्यों चाहती है?" भीड़ में से एक सज्जन ने कहा ।
"ठीक है बेटी हम भी ये ही चाहते है। शाबाश ! मेरी अच्छी बच्ची नीचे आ जाओ।"
"आप समझे नहीं पापा..... मैं अब खुद के लिए जीना चाहती हूँ। बचपन से आज तक दूसरों के लिए जीते-जीते,  मैं थक गई हूँ..... अब खुद से और समझौते नहीं कर सकती।" उसने सिसकते हुए कहा।
"पापा आप को याद है। बचपन में आप हमेशा भैय्या के लिए खिलौने लाते और मुझे हमेशा समझाते के तुम बड़ी हो भैय्या छोटा है। ६ साल की बच्ची बड़ी कैसे हो सकती है। पापा ?  थोड़ी बड़ी हुई तो हर बात पर, हर जिद्द पर तुम लड़की हो,लड़की ऐसे जिद्द नहीं करती,लड़की ऐसे नहीं हंसती, लड़की ऐसे नहीं करती, लड़की वैसे नहीं करती। ये सब सुनने को मिलने लगा। बस में ,मार्कीट में, स्कूल में ,जहाँ भी जाती लोगो की गन्दी नजर हमेशा मुझे घूरती। और मम्मी आप हमेशा मुझे ही समझाती, डाँटती , कि दुपट्टा सही से ओढ़ा करो, नज़रे नीची कर के चला करो। ऐसा क्यों था मम्मी ?
"पढाई में भैया से हमेशा अच्छे नंबर लाती पर आप ने मुझे फिर भी जॉब नहीं करने दी। ये बोल कि समाज क्या कहेगा बिरादरी के लोग क्या सोचेंगे। समाज और बिरादरी की फ़िक्र थी आप को मेरी नहीं........ । भैय्या अपने सारे फैसले खुद करते। यहाँ तक की भैय्या ने लव मेर्रिज की। और मेरे लिए.... " लम्बी सास ली।
"आपने एक अच्छा कमाऊं लड़का ढूंढ कर मेरी शादी कर दी और आप के सिर से एक बोझ कम हो गया। हम्म्म ..... बोझ ही तो होती है लड़कियां माँ बाप के लिए। " उसकी आवाज़ हिचकी में अटक गई।
"ससुराल में दिन रात काम करो, सास-नन्द के ताने सुनो पति की हर अच्छी बुरी बात पर चुप रहो। क्यूंकि अच्छे घर की बहु ज्यादा नहीं बोलती। हा हा हा अजीब दस्तूर है।" उसने तंज़ से ठाहका लगाया। वहां मौजूद भीड़ में सन्नाटा पसर गया । "माँ बनना हर शादी-शुदा स्त्री का सपना होता है। पर अगर लड़की पैदा हो जाये ....... तो ये सपना ही उसके लिए सबसे बड़ा पाप बन जाता है। आखिर क्यों? क्यों ? पति किसी भी स्त्री से बात करें तो सही है । और स्त्री अगर किसी पराये मर्द की बात भी कर ले तो चरित्रहीन हो जाती है । क्यों ?  मैं खुल कर नहीं जी सकती क्यों अपना कोई भी फैसला खुद नहीं कर सकती। अरे....... थू  है ऐसी ज़िन्दगी पर जहां में सब्जी भी खुद की पसंद की नहीं पका सकती। उसके लिए भी पति की पसंद पूछनी पड़ती है। वो गुस्से से कांप रही थी।  नीचे खड़े लोग एक दूसरे का मुंह ताक रहे थे। उन्हें ऐसी उम्मीद नहीं थी।
"ये सब फिल्मों का असर है देखा कैसे भाषणबाजी कर रही है। "
"ये भी कोई बात हुई मरने के लिए अरे सभी औरत ये काम करती है। " जितने मुहं उतनी बातें हो रही थी।
"ठीक है अब से आप जैसा चाहेंगी वैसा ही होगा। पर आप नीचे आ जाइए।" पुलिस वाले ने कहा।
"हा हा हा किसे दिलासा दे रहे हो इस्पेक्टर........ सीता  मैय्या से लेकर निर्भया तक कुछ नहीं बदला इस समाज में। कहानी वही है बस पात्रों के चेहरे अलग है। " स्त्री आज भी अग्नि परीक्षा देती। कभी सुना है किसी बलात्कारी पुरुष का कोई टेस्ट हुआ है। नहीं..... हमेशा बलात्कार पीड़ित स्त्री को ही टेस्ट देना होता है।ये साबित करने के लिए की हाँ उसका बलात्कार हुआ है। ऐ नारी को सम्मान और बराबरी का दर्ज देने का ढोल पीटने वालो आधुनिक बनने से पहले इंसान बनो।" उसने भीड़ की तरफ इशारा करते हुए कहा।
"मैं ये नहीं कहती के सभी बुरे है। या सब औरतो के साथ ऐसा होता है। पर मेरे साथ जो हुआ। जो कुछ मैंने जिया है। उसके हिसाब से ये दुनिया अभी मेरे काबिल नहीं है या मैं इस दुनिया के लायक नहीं। यहाँ मौजूद सभी लोगो ने मुझे मरने से रोकने के लिए अलग -अलग दुहाई दी। किसी ने बच्चों का मोह दिखाया,किसी ने माँ बाप के दुःख की दुहाई दी,किसी ने समाज में मेरे पति की बेइज़्ज़ती का भय दिखाया। किसी ने भी एक बार मेरे बारे में सोचा। मेरी ज़िन्दगी की दुहाई  दी........ ?  नहीं। आप सब मुझे बुजदिल कह सकते है। कुलटा कह सकते है। पागल कह सकते है। मुझे फर्क नहीं पड़ता क्योंकि में खुश हूँ। जीवन में पहली बार अपने लिए कोई फैंसला ले रही हूँ। मैं नहीं चाहती की जो घुटन मेरे अंदर पिछले ३५ सालो से है। वो मेरा दम घोट कर मुझसे ये आखरी मौका भी छीन ले। चाहे वो मौत को चुनने का ही क्यों ना हो। अगर इंसानियत ने फिर से जन्म लिया तो हम जरूर मिलेंगे।" उसने छलांग लगा दी और तमाशा खत्म हो गया।

Wednesday, June 22, 2016

नीम का पेड़

"जब तक मैं अब्बू के कंधो पर बैठ कर बाजार का चक्कर नही लगाती मेरी शाम नही होती थी। उनके कंधे जैसी महफ़ूज़ सवारी आजतक नही मिली।100 तक गिनती उनके कंधो पर ही सीखी थी मैने।
"फिर....? 
"फिर.... मैं बड़ी हो गई और अब्बू बूढ़े।" 
"वो आप को डांटते भी थे ?" 
"हाँ...डांटते थे और प्यार भी करते थे। बिलकुल इस नीम के पेड़ की तरह थे। कड़वे पर छायादार।
"अम्मी जब अब्बू आप पर गुस्सा करते है। आप को नानू बहुत याद आते है ना ?"
"नही, जब वें तुम्हे कंधो पर उठा कर आइसक्रीम खिलाने ले जाते है तब ज्यादा याद आते है।"

Tuesday, June 14, 2016

नई डिमांड

बचपन में गुड्डे-गुड़िया की ,खेल-खेल में शादी कराते-2 पता नही कब मैं खुद की शादी के सपने सजाने लगी।
और कब ये सपना हकीकत बन गया पता ही नही चला। ऐसा लगता है जैसे मानो कल की ही बात है।
विदाई के समय मम्मी-पापा का तो रो-रो कर बुरा हाल था।
पापा तो मेरे जाने के बाद कई दिनों तक बहुत उदास रहे थे।
आह... कितने अच्छे दिन थे।
और अब अगर बिना फोन किये मम्मी-पापा से मिलने चली जाती हूँ तो उनके चेहरे पीले पड़ जाते है।
सोचते है। पता नही दामाद ने अब कौन सी नई डिमांड की है।